31.5 C
Lucknow
Friday, July 31, 2026

पुलिस कॉन्स्टेबल परीक्षा का रिजल्ट जारी, ओबीसी का न्यूनतम चयन अंक ईडब्ल्यूएस से 4 अंक अधिक

Must read

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2026 का परिणाम जारी होने के साथ ही न्यूनतम चयन अंकों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। भर्ती बोर्ड के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का न्यूनतम चयन अंक 251.63 रहा, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का न्यूनतम चयन अंक 247.38 दर्ज किया गया। यानी ओबीसी वर्ग का चयन अंक ईडब्ल्यूएस से करीब 4 अंक अधिक रहा। वहीं सामान्य वर्ग का न्यूनतम चयन अंक 258.03, अनुसूचित जाति का 239.34 और अनुसूचित जनजाति का 210.10 रहा।
प्रदेश में 32,679 सिपाही पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में 76,184 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है। इस भर्ती के लिए 28.86 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 21.92 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि करीब 6.94 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 17 अगस्त से शुरू होगा। इसके बाद सितंबर में शारीरिक मानक परीक्षण और दौड़ परीक्षा आयोजित की जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों को 25 मिनट में 4.8 किलोमीटर तथा महिला अभ्यर्थियों को 14 मिनट में 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों का ही अंतिम चयन किया जाएगा।भर्ती बोर्ड जल्द ही दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक परीक्षण का विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा। परिणाम के साथ घोषित न्यूनतम चयन अंकों में ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के बीच 4 अंकों का अंतर अभ्यर्थियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article