लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने बहुप्रतीक्षित यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती-2025 का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। लिखित परीक्षा के आधार पर 76,184 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है। अब इन अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन , शारीरिक मानक परीक्षण , शारीरिक दक्षता परीक्षा तथा मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा।
यह भर्ती प्रक्रिया 32,679 कॉन्स्टेबल पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। परिणाम जारी होने के साथ ही बोर्ड ने श्रेणीवार कटऑफ अंक भी सार्वजनिक कर दिए हैं। इस बार सामान्य और ओबीसी वर्ग में कटऑफ 250 अंकों से ऊपर रहने से प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा रहा।
लिखित परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थियों को जल्द ही दस्तावेज सत्यापन , शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। इन चरणों में सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी होगी।
इस भर्ती में लाखों अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जबकि रिक्त पदों की संख्या 32,679 है। ऐसे में केवल 76,184 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया है। सामान्य वर्ग में पुरुषों की कटऑफ 258.03 और महिलाओं की 255.84 अंक रहने से स्पष्ट है कि इस बार चयन के लिए उच्च अंक आवश्यक रहे। ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग में भी कटऑफ 250 अंकों के आसपास रही, जिससे भर्ती की प्रतिस्पर्धा का स्तर साफ दिखाई देता है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सफल अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए अपने सभी मूल दस्तावेज तैयार रखें तथा बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम और दिशा-निर्देशों पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। DV, PST और पेट की तिथियां जल्द ही आधिकारिक रूप से घोषित की जाएंगी।
यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2025 का रिजल्ट जारी: 76,184 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चयनित, जनरल वर्ग की कटऑफ 258 अंक के पार


