फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के खुड़नावैध गांव में मां की निर्मम हत्या के बाद आरोपी बेटे का बयान सुनकर पुलिस और ग्रामीण भी हैरान रह गए। मां की सिलबट्टे से हत्या के आरोप में गिरफ्तार पंकज राठौर ने पुलिस पूछताछ के दौरान कहा, “मैंने अपनी मां की हत्या नहीं की, यह काम कलकत्ता वाली मां काली ने किया है। मैंने कोई गलत काम नहीं किया।” आरोपी बार-बार खुद को बेगुनाह बताता रहा और अपने बयान पर अड़ा रहा।
जानकारी के अनुसार, घरेलू विवाद के बाद पंकज ने अपनी 55 वर्षीय मां नन्हीं देवी को कमरे में बंद कर सिलबट्टे और ईंट से सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मां की चीखें सुनकर बचाने पहुंची बहन सुषमा पर भी उसने हमला कर दिया। बहन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, दरवाजा खुलवाकर उसे बचाया और आरोपी को पकड़कर रस्सी से बांध दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून से सना सिलबट्टा बरामद किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति पिछले करीब तीन वर्षों से ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था। कुछ दिन पहले भी उसने गांव में मारपीट और पथराव किया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की मानसिक स्थिति से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।


