हरदोई
जिले के अरवल थाना क्षेत्र के हैदराबाद मजरा उमरौली जैतपुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक प्रेमी युगल के शव करीब एक किलोमीटर की दूरी पर दो अलग-अलग पेड़ों से फंदे पर लटके मिले। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अविवाहित युवक जनवेश राजस्थान में मजदूरी करता था और उसका गांव की ही एक विवाहिता से लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात महिला के देवर ने युवक के घर पहुंचकर इस संबंध को लेकर शिकायत की थी। इसके बाद जनवेश गुस्से में घर से निकल गया और देर रात तक वापस नहीं लौटा।
शुक्रवार सुबह खेतों में पहुंचे किसानों ने जामुन के पेड़ पर जनवेश का शव चारपाई के बान से लटका देखा। उसकी चप्पलें पेड़ के नीचे रखी थीं और मोबाइल जेब में मिला। इसी बीच कुछ दूरी पर गूलर के पेड़ से साड़ी के फंदे पर विवाहिता का शव भी लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, विवाहिता की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी, जबकि जनवेश अविवाहित था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


