32.7 C
Lucknow
Friday, July 31, 2026

भिवंडी में चार मंजिला कोहिनूर इमारत ढही, 6 की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

Must read

 

महाराष्ट्र

भिवंडी शहर में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। नारपोली क्षेत्र के गंगाराम वाडी स्थित चार मंजिला ‘कोहिनूर अपार्टमेंट’ का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों और मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रशासन, दमकल विभाग और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत को पहले ही जर्जर और खतरनाक घोषित किया गया था। भवन के एक पिलर की मरम्मत का काम चल रहा था। खतरे को देखते हुए अधिकांश परिवारों को बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन कुछ लोग दोबारा इमारत के भीतर चले गए थे। इसी दौरान इमारत का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और कई लोग मलबे में फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दमकल विभाग, पुलिस और नगर निगम की आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान लगातार जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इमारत की स्थिति, मरम्मत कार्य और सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों की निगाहें अब रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं, क्योंकि मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article