लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर 45 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की पहली सूची जारी की गई है। इस सूची को आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीतिक शुरुआत माना जा रहा है।
जारी सूची में सामाजिक प्रतिनिधित्व पर विशेष जोर दिया गया है। पार्टी के अनुसार 45 प्रभारियों में 18 दलित, 16 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 10 मुस्लिम और एक सिख समुदाय से हैं। सूची में सामान्य वर्ग का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं किया गया है। वहीं पांच सामान्य सीटों की जिम्मेदारी भी दलित प्रभारियों को सौंपी गई है। इस फैसले को बहुजन सामाजिक आधार को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों—शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, बरेली, सीतापुर, गोरखपुर और वाराणसी सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की हैं। सूची में पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी जगह दी गई है, ताकि अनुभव और युवा नेतृत्व का संतुलन बनाया जा सके।
पार्टी का कहना है कि अब बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा और सामाजिक न्याय, संविधान तथा बहुजन हितों के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।


