विधायक सुशील शाक्य ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को दिलाया दायित्व निर्वहन का संकल्प, नेतृत्व व संस्कारों पर दिया जोर
फर्रुखाबाद। शहर के श्याम नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गुरुवार को शिशु भारती, छात्र संसद एवं कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वों के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील शाक्य रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष उदय पाल सिंह ने की। इस अवसर पर विद्यालय के उपाध्यक्ष सुधेश दुबे एवं प्रधानाचार्य रामकृष्ण वाजपेयी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
छात्र संसद के प्रमुख सर्वेश चंद्र के निर्देशन में छात्र पदाधिकारियों ने विद्यालय में अनुशासन, स्वच्छता, व्यवस्था एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया। कन्या भारती की प्रमुख नीलम सिंह के मार्गदर्शन में छात्राओं ने नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली। वहीं शिशु भारती के प्रमुख देव नारायण मिश्र ने कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए शपथ ग्रहण कराया।
मुख्य अतिथि विधायक सुशील शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में बचपन से ही नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य रामकृष्ण वाजपेयी ने अतिथियों का परिचय कराते हुए विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में सर्वेश चंद्र ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन सुशील शुक्ल ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य-आचार्याएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का समापन राष्ट्रकल्याण की कामना के साथ हुआ।
सरस्वती विद्या मंदिर में शिशु भारती, छात्र संसद एवं कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न


