लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे एवं राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को चुनावी अभियान की जिम्मेदारी सौंप दी है। आकाश आनंद 10 अगस्त को हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह विधानसभा प्रभारी के रूप में पार्टी प्रत्याशी की घोषणा करेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
बसपा की रणनीति प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से विधानसभा प्रभारियों की घोषणा कर चुनावी तैयारियों को गति देने की है। इसके तहत 25 अगस्त को जेवर में भी आकाश आनंद की सभा प्रस्तावित है। पार्टी का लक्ष्य समय रहते अधिकांश सीटों पर प्रभारियों की घोषणा कर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार बसपा अब युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए आकाश आनंद को प्रमुख चेहरा बनाकर मैदान में उतार रही है। साथ ही सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए विभिन्न वर्गों के नेताओं को विधानसभा प्रभारी बनाया जा रहा है। शुरुआती चरण में करीब 35 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों के नाम तय किए जा चुके हैं। बसपा का मानना है कि समय से उम्मीदवारों की तैयारी कराने से चुनाव में संगठन को मजबूती मिलेगी।


