लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुनकरों को बिजली बिल में राहत देने के मुद्दे पर सोमवार को राजधानी स्थित खादी भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने बुनकर प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से संवाद किया।
बैठक में राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान तथा मंत्री रविंद्र जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए बुनकर प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव सरकार के समक्ष रखे।
बैठक के दौरान फ्लैट रेट पर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बुनकरों की प्रमुख मांग रही। प्रतिनिधियों ने कहा कि लगातार बढ़ रही बिजली लागत के कारण हथकरघा उद्योग पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है, जिससे उत्पादन लागत और प्रतिस्पर्धा दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
सरकार की ओर से बुनकरों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके सुझावों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि बुनकरों को राहत देने और पारंपरिक हथकरघा उद्योग को मजबूत करने के लिए व्यवहारिक एवं दीर्घकालिक समाधान तलाशे जाएं।


