फर्रुखाबाद। फरीदाबाद निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी अरुण हुड्डा की गोली मारकर हत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। घटना के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उत्तर प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा कि “पुलिस चौकी के पास सरेआम खून-खराबा, यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है।” पार्टी का आरोप है कि फर्रुखाबाद की यह वारदात प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है। कांग्रेस ने कहा कि जब दूसरे राज्य से आया व्यक्ति अपनी पत्नी और मासूम बेटे के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर कैसे भरोसा किया जा सकता है।
उधर, फर्रुखाबाद पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए पांच टीमें, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश और जमीन विवाद के पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के जल्द खुलासे के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।


