– खराब मौसम के कारण काठमांडू की फ्लाइट हुई डायवर्ट
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहली बार चाइना सदर्न एयरलाइंस का विमान उतरा। गुआंगझोउ (चीन) से काठमांडू (नेपाल) जा रही एयरलाइन की उड़ान को खराब मौसम के कारण लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, काठमांडू में प्रतिकूल मौसम और कम दृश्यता के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को सुरक्षित लैंडिंग के लिए लखनऊ भेजा। इसके बाद विमान ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
विमान में 159 यात्री सवार थे। विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर करीब दो घंटे तक खड़ा रहा। इस दौरान यात्री सुरक्षा कारणों से विमान के भीतर ही रहे और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
मौसम में सुधार होने और काठमांडू एयरपोर्ट से अनुमति मिलने के बाद रात करीब 2 बजे विमान ने दोबारा उड़ान भरी और अपने निर्धारित गंतव्य काठमांडू के लिए रवाना हो गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार है जब चाइना सदर्न एयरलाइंस का विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा। खराब मौसम के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान को डायवर्ट किया गया और पूरी प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा मानकों के तहत संपन्न कराई गई।


