लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग को शिकायत भेजते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने दावा किया है कि बुलंदशहर जिले की अनूपशहर विधानसभा सीट की मतदाता सूची में 27 हजार से अधिक मतदाताओं के नामों में गड़बड़ी सामने आई है।
सपा का आरोप है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम से सरनेम (उपनाम) हटा दिए गए हैं, जबकि कई मामलों में बिना आधार के नए सरनेम जोड़ दिए गए हैं। पार्टी का कहना है कि इस तरह की त्रुटियों के कारण संबंधित मतदाताओं की पहचान संबंधी समस्या उत्पन्न हो सकती है और वे मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं।
श्याम लाल पाल ने कहा कि यदि मतदाता सूची में दर्ज नाम और मतदाता के पहचान संबंधी दस्तावेजों में अंतर होता है, तो तकनीकी आधार पर मतदान के दौरान परेशानी खड़ी हो सकती है। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल त्रुटियों को दूर करने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी का दावा है कि यह इस प्रकार की पहली बड़ी शिकायत है, जिसमें एक ही विधानसभा क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नामों में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है।


