ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, एक मोबाइल फोन और दो अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने ऊबर कैब बुक कर चालक से कार लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किसी बड़े लुटेरा गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


