नासिक: महाराष्ट्र के नासिक (Nashik) में सड़क दुर्घटना (Road accident) का एक वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। नासिक जिले के सिन्नर MIDC बाईपास फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक सुरक्षा बैरियर को तोड़ते हुए करीब 40 से 50 फीट नीचे जमीन पर जा गिरा। CCTV कैमरे में कैद हुआ इस घटना का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नासिक के सिन्नर MIDC इलाके में एक ट्रक तेज गति से आ रहा था, अचानक ड्राइवर ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खोते हुए सीधा फ्लाईओवर की रेलिंग से जा टकराया। इसके बाद ट्रक सड़क से 40-50 फीट नीचे गिर जाता है। ट्रक के नीचे गिरने की जोरदार आवाज आई। यह पूरा खतरनाक हादसा सीसीटीवी में कैद हुआ है, जिसके बाद से इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। आवाज इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज चल रहा है। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए। ट्रक ड्राइवर ने वाहन से अचानक नियंत्रण कैसे खोया। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त पुल के नीचे सड़क से कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


