33.1 C
Lucknow
Monday, July 27, 2026

आईजी कानपुर जोन सख्त, सरेबाजार हत्याकांड के खुलासे को पांच टीमें गठित

Must read

घटनास्थल का किया निरीक्षण, पुलिस लाइन में समीक्षा बैठक कर दिए सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र में हरियाणा के कारोबारी अरुण हुडा की गोली मारकर की गई हत्या के मामले को कानपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) यमुना प्रसाद ने गंभीरता से लिया है। सोमवार को उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आईजी ने हत्या की घटना के जल्द खुलासे के लिए पांच विशेष जांच टीमों (स्पेशल टीमों) का गठन किया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक टीम अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करे और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस तथा अन्य वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचे।
गौरतलब है कि रविवार रात थाना कादरीगेट क्षेत्र में हरियाणा के फरीदाबाद जनपद के चंदावली निवासी अरुण हुडा की पंचालघाट चौकी से कुछ दूरी पर अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चंद्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। आईजी ने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
घटनास्थल के निरीक्षण के बाद आईजी ने पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अब तक की जांच, गठित टीमों की कार्ययोजना और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह साक्ष्य आधारित होनी चाहिए और हर पहलू की गहन पड़ताल करते हुए जल्द से जल्द मामले का सफल अनावरण किया जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गठित पांचों टीमें लगातार अलग-अलग बिंदुओं पर काम कर रही हैं। सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा पुलिस को जल्द ही इस चर्चित हत्याकांड के खुलासे की उम्मीद है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article