
सीसीटीवी, टोल प्लाजा, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस, हर पहलू से की जा रही जांच
फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर पांचालघाट पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर दूर हरियाणा के फरीदाबाद निवासी रियल एस्टेट कंपनी के कर्मचारी अरुण सिंह (32) की कनपटी पर सटाकर गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस की जांच अब पूरी तरह कई अहम बिंदुओं पर केंद्रित हो गई है। वारदात के बाद फरार हुए हमलावरों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है, वहीं मृतक की पत्नी से भी कई चरणों में गहन पूछताछ की गई है।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान पत्नी के बयान कई बार अलग-अलग नजर आए, जिसके चलते अधिकारियों ने उन्हें लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में अलग कमरे में बैठाकर कई दौर में पूछताछ की। पुलिस यह समझने का प्रयास कर रही है कि वारदात से पहले और बाद की परिस्थितियों में कहीं कोई विरोधाभास तो नहीं है।
जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल के आसपास की जानकारी के अनुसार घटना के समय महिला टी-शर्ट पहने हुए दिखाई दी थीं, जबकि लोहिया अस्पताल पहुंचने तक वह सूट में नजर आईं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कपड़े कब और कहां बदले गए तथा इसके पीछे क्या कारण था। इसके अलावा पुलिस पूरे सफर के रूट की भी बारीकी से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार परिवार बनारस से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते हरियाणा लौट रहा था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का विकल्प उपलब्ध होने के बावजूद वाहन फर्रुखाबाद की ओर क्यों आया। पुलिस टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज, फास्टैग रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और रास्ते में लगे अन्य कैमरों की फुटेज का मिलान कर रही है, ताकि वाहन की पूरी मूवमेंट स्पष्ट हो सके।
घटनास्थल के पास स्थित किराना दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर पुलिस पहले ही कब्जे में ले चुकी है। फुटेज में दिखाई दे रहे सफेद रंग की कार में सवार हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मोहम्मदाबाद समेत आसपास के कई थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी और चेकिंग भी कराई, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।
मृतक अरुण सिंह अपनी पत्नी राखी और ढाई वर्षीय बेटे जयंत के साथ मथुरा, आगरा और बनारस घूमकर हरियाणा लौट रहे थे। पांचालघाट के पास एक किराना दुकान पर कोल्ड ड्रिंक और अन्य सामान खरीदने के दौरान बदमाशों ने बेहद नजदीक से उनकी कनपटी पर दो गोलियां मार दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। जल्द ही साक्ष्यों के आधार पर घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।


