– प्रधान प्रतिनिधि समेत आरोपियों पर एफआईआर
लखनऊ। राजधानी के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इटौंजा निवासी राजेश भारती ने बख्शी का तालाब थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद जब भुगतान करने के लिए कहा गया तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान रामपुर बेहड़ा के प्रधान प्रतिनिधि राहुल और उनके साथ मौजूद लोगों ने कर्मचारी के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की।
पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान उसे धमकियां भी दी गईं, जिससे पेट्रोल पंप पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
बख्शी का तालाब पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


