– मुख्य आरोपी आकाश वर्मा गिरफ्तार, 6 नामजद समेत 14 पर मुकदमा
लखनऊ। राजधानी के सिविल कोर्ट परिसर में युवती के साथ कथित अश्लील हरकत और अभद्रता के मामले में वजीरगंज पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी आकाश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आकाश वर्मा पंजीकृत अधिवक्ता नहीं है, बल्कि न्यायालय परिसर में वकीलों का सहयोगी (मुंशी/सहयोगी) के रूप में कार्य करता है।
पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में 6 नामजद और 8 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद कोर्ट परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और पीड़िता की शिकायत के आधार पर तत्काल विधिक कार्रवाई शुरू की।
वजीरगंज पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। जांच के आधार पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


