फर्रुखाबाद।अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता की निगरानी में रविवार को जिले के विभिन्न मदिरा अनुज्ञापन स्थलों पर औचक निरीक्षण किया गया।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ सलेमपुर और निबिया स्थित कम्पोजिट एवं देशी मदिरा दुकानों की सघन जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का बारीकी से परीक्षण किया गया।
आबकारी टीम ने उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान कर सत्यापन किया और अनुज्ञापियों को सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने के साथ शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रभावी अभियान जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


