कमालगंज: कमालगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 3 बजे छत पर सूखे कपड़े उतार रहा एक किशोर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित की पहचान सागर के रूप में हुई है। उसके पिता प्रदीप मूल रूप से मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के खिमसेपुर गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में कमालगंज में किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। वह राजमिस्त्री का काम करते हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर सागर घर की छत पर सूख रहे कपड़े लेने गया था। मकान के बेहद करीब से 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। कपड़े उतारते समय वह अचानक उसकी चपेट में आ गया और तेज करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया।करंट लगते ही सागर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत छत की ओर दौड़े और किसी तरह उसे सुरक्षित नीचे उतारा। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में सागर के दोनों पैर और कमर का हिस्सा बुरी तरह जल गया है। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भी उसकी हालत नाजुक बनी रही, जिसके बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है।
कपड़े उतारते वक्त 33 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आया बच्चा, गंभीर रूप से झुलसा


