मैनपुरी से पत्नी के साथ मसेनी आया था अरविंद सक्सेना, अंतिम बार बघार नाले की ओर जाते हुए देखा गया
फर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र के ग्राम मसेनी से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। करीब दस दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस भी अब लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद मैनपुरी के रामपुर निवासी 40 वर्षीय अरविंद सक्सेना, पुत्र रामविलास सक्सेना, अपनी पत्नी पूजा के साथ बीती 28 जून को थाना कादरी गेट क्षेत्र के ग्राम मसेनी स्थित अपने बहनोई निखलेश सक्सेना पुत्र राजकुमार के घर घूमने आए थे। परिजनों ने बताया कि अरविंद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका इलाज बरेली के एक चिकित्सक से चल रहा है। 30 जून को निखलेश सक्सेना उन्हें उपचार के लिए बरेली भी लेकर गए थे।
बताया गया कि 16 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 4:30 बजे अरविंद अचानक घर से निकल गए। आसपास के कुछ लोगों ने उन्हें बगहर नाले की ओर जाते हुए देखा, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों के अनुसार अरविंद सक्सेना का रंग सांवला, लंबाई लगभग 5.5 फीट है। लापता होने के समय उन्होंने सफेद लोअर, सफेद शर्ट और काले रंग के जूते पहन रखे थे। परिवार ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को अरविंद सक्सेना कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 9795277309 अथवा 8787044363 पर तत्काल सूचना दें, ताकि उन्हें सकुशल घर लाया जा सके।
उधर, मामले की सूचना मिलने के बाद थाना कादरी गेट पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर अरविंद सक्सेना की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संभावित स्थानों पर पूछताछ करने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी उनकी तलाश कर रही है। परिजनों को उम्मीद है कि आमजन के सहयोग और पुलिस की सक्रियता से अरविंद जल्द सकुशल मिल जाएंगे।
10 दिन से लापता मानसिक बीमारी से ग्रसित व्यक्ति, नहीं लगा सुराग, पुलिस तलाश में जुटी


