– तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी करेंगे जांच
नई दिल्ली/अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले की जांच को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने नई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन कर दिया है। नई एसआईटी की कमान आईजी लखनऊ रेंज किरण एस को सौंपी गई है। टीम में डीआईजी अयोध्या रेंज सोमेन वर्मा और एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर को भी सदस्य बनाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व में चल रही जांच व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में नई एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया था। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो तथा मामले का राजनीतिकरण न किया जाए। साथ ही, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से प्राप्त सभी दान रसीदों को सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया गया है।
नई एसआईटी अब कथित चढ़ावा गबन से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांच की प्रगति रिपोर्ट 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।
यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है और सुप्रीम कोर्ट की प्रत्यक्ष निगरानी में होने वाली जांच से इस प्रकरण में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।


