ग्लासगो (स्कॉटलैंड)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का पदक खाता खुल गया है। बिहार के पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुषों की हेवीवेट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर भारत को खेलों का पहला मेडल दिलाया।
झंडू कुमार ने प्रतियोगिता के दौरान अपने पहले प्रयास में 181 किलोग्राम और दूसरे प्रयास में 190 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। उनके दमदार प्रदर्शन ने उन्हें पोडियम तक पहुंचाया और भारत के लिए ऐतिहासिक शुरुआत सुनिश्चित की।
झंडू कुमार की सफलता केवल एक पदक की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की मिसाल है। बिहार के रहने वाले झंडू ने आर्थिक कठिनाइयों के बीच कभी ई-रिक्शा चलाकर और सब्जियां बेचकर परिवार का सहारा बनाया था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को नहीं छोड़ा और आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर झंडू कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह प्रदर्शन पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और उनकी उपलब्धि अनेक खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: झंडू कुमार ने दिलाया भारत को पहला पदक, पैरा पावरलिफ्टिंग में जीता कांस्य


