लखनऊ। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में हुए चर्चित अग्निकांड के बाद शनिवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विवादित अवैध बिल्डिंग को बुलडोजर से ध्वस्त करना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान एलडीए की टीम, प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहे।
जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग मालिक को निर्माण स्वयं हटाने के लिए पूर्व में निर्धारित समय दिया गया था, लेकिन समयसीमा समाप्त होने के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद एलडीए ने स्वयं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रशासन का कहना है कि जिस इमारत में अग्निकांड हुआ था, वह निर्माण नियमों के उल्लंघन और आवश्यक मानकों की अनदेखी का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई के दायरे में आई। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ध्वस्तीकरण कराया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
एलडीए अधिकारियों के अनुसार, अवैध निर्माण और भवन मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, पुलिस पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मुस्तैद रही।


