लखनऊ। इटौंजा थाना क्षेत्र में सीतापुर रोड स्थित चांदपुर के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इटौंजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ऑटो चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि चालक के नशे में होने के आरोप की जांच की जा रही है और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सीतापुर रोड पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।


