गोरखपुर। पुलिस विभाग में कार्यों के प्रति लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। एसएसपी ने एक साथ 42 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
कार्रवाई की जद में आए पुलिसकर्मियों में 7 उपनिरीक्षक और 35 आरक्षी शामिल हैं। बताया गया है कि इन सभी पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही, अनुशासनहीनता और कार्यों के प्रति उदासीनता के आरोप पाए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेहतर कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारी से कार्य न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं।


