उप परिवहन आयुक्त रामरतन सोनी के नेतृत्व में चला सघन अभियान, ओवरलोडिंग और बिना मानक संचालित वाहनों पर कड़ी कार्रवाई
विशेष संवाददाता, यूथ इंडिया
फर्रुखाबाद। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने शुक्रवार को फतेहगढ़ क्षेत्र में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) कानपुर रामरतन सोनी के नेतृत्व में टैम्पो, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा तथा निजी वाहनों से छात्रों का परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 24 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 20 स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया।
जांच टीम ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, आरआरसी फतेहगढ़ तथा कैंट क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के बाहर खड़े वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, पंजीकरण प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने, सुरक्षा मानकों के पालन और संचालन व्यवस्था की भी गहन पड़ताल की गई।
अभियान के दौरान आरटीओ (प्रवर्तन) कानपुर राहुल श्रीवास्तव, सीओ ट्रैफिक अभय वर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) फर्रुखाबाद सुभाष राजपूत, प्रभारी निरीक्षक फतेहगढ़ तेज सिंह तथा यातायात उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पांडेय मौजूद रहे।
परिवहन विभाग द्वारा पिछले दो माह में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जनपद में—
51 स्कूल वाहनों के चालान किए गए।
23 स्कूल वाहनों को सीज किया गया।
4.53 लाख रुपये प्रशमन शुल्क वसूला गया।
निजी वाहनों से छात्रों का परिवहन करने वाले 10 वाहनों पर चालान एवं सीज की कार्रवाई की गई।
ओवरलोडिंग के आरोप में 7 स्कूल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
जांच में 22 अस्तित्वहीन वाहनों के पंजीयन चिन्ह निरस्त कराए गए।
उप परिवहन आयुक्त रामरतन सोनी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी दिनों में कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया तथा कानपुर नगर की प्रवर्तन टीमों के सहयोग से संयुक्त रूप से और अधिक सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों से सभी सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।


