फर्रुखाबाद। रिश्तेदारी में जा रहे कन्नौज के एक दंपती के ई-रिक्शा में बैठने के दौरान बैग से 73 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित दंपती ने कुछ महिलाओं पर रुपये निकालने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कन्नौज जिले के तिर्वा थाना क्षेत्र के गांव जसपुरवा निवासी कृष्णदत्त द्विवेदी अपनी पत्नी शारदा देवी के साथ फर्रुखाबाद के बिर्राबाग स्थित रिश्तेदारी में आए थे। दोनों रोडवेज बस अड्डे पर उतरने के बाद ई-रिक्शा से जाने लगे।
पीड़ित के अनुसार, लालगेट के पास खड़ी पांच महिलाओं ने ई-रिक्शा रुकवाया और चालक से उन्हें भी बैठाने को कहा। महिलाओं ने कृष्णदत्त से आगे बैठ जाने के लिए कहा, जबकि खुद पीछे बैठ गईं। इसके बाद ई-रिक्शा बिर्राबाग की ओर चल पड़ा।
कृष्णदत्त का आरोप है कि कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद पीछे बैठी महिलाओं ने उनकी पत्नी शारदा देवी के हाथ-पैर दबाने शुरू कर दिए। बिछुआ दबने से शारदा देवी परेशान हो गईं। इसी दौरान आरोप है कि किसी महिला ने उनके बैग में रखे 73 हजार रुपये निकाल लिए।
कुछ देर बाद सभी महिलाएं कादरीगेट तिराहे पर उतर गईं। इसके बाद ई-रिक्शा चालक ने दंपती को बिर्राबाग पहुंचा दिया।
रिश्तेदार को रुपये देने के लिए जब शारदा देवी ने बैग खोला तो उसमें रखे रुपये गायब मिले। रुपये गायब होने की जानकारी मिलते ही दंपती के होश उड़ गए। उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पीड़ित दंपती ने रोडवेज चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है। यदि इस तरह की शिकायत आती है तो मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
ई-रिक्शा में दंपती के बैग से 73 हजार रुपये गायब, पांच महिलाओं पर चोरी का आरोप


