– पुलिस ने हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा
लखनऊ। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को राजधानी लखनऊ में भीम आर्मी और विभिन्न छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता, छात्र संगठन के सदस्य और समर्थक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में केंद्र सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना पहले से होने के कारण लखनऊ पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। हजरतगंज चौराहे, आंबेडकर प्रतिमा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए। अधिकारियों ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
जब प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़कर मार्च निकालने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। इसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से ईको गार्डन भेज दिया, जहां उन्हें एहतियातन रखा गया।


