नवाबगंज, फर्रुखाबाद।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगला जब्ब गांव में खेत में जानवर घुसने के विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित नितिन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे वह अपने जानवरों को चराने के लिए खेतों की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान बराकेशव गांव के एक युवक ने आरोप लगाया कि उसके जानवर खेत में घुस गए हैं। नितिन ने इस आरोप का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर नितिन के साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद नितिन सीधे नवाबगंज थाने पहुंचा और आरोपी युवक व उसके साथियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
क्राइम प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


