45 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
फर्रुखाबाद। कासगंज से फर्रुखाबाद आ रही पैसेंजर ट्रेन में नेग मांगने को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हरसिंहपुर गोवा रेलवे स्टेशन के निकट ट्रेन के एक डिब्बे में सफर कर रहे कुछ किन्नरों और यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि चाकू निकल आए और हुए हमले में दो यात्री घायल हो गए। घटना से पूरे डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई लोगों ने सीटों के नीचे और दूसरे डिब्बों में जाकर खुद को सुरक्षित किया।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन को हरसिंहपुर गोवा रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया गया। ट्रेन करीब 45 मिनट तक वहीं खड़ी रही, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल दोनों यात्रियों को ट्रेन से उतारकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में नेग मांगने के दौरान कुछ यात्रियों और किन्नरों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मारपीट के बाद चाकू से हमला कर दिया गया। अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना के कारण काफी देर तक रेलवे स्टेशन और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि घटना जीआरपी क्षेत्र की है, इसलिए आगे की कार्रवाई रेलवे पुलिस द्वारा की जा रही है। वहीं जीआरपी प्रभारी ने बताया कि ट्रेन करीब 45 मिनट तक हरसिंहपुर गोवा स्टेशन पर खड़ी रही। दो लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


