फर्रुखाबाद। भाजपा नेताओं द्वारा धार्मिक ग्रंथों के कथित अपमान को लेकर शुरू हुआ विवाद फिलहाल शांत होता दिखाई दे रहा है। हिन्दू समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के बाद 23 जुलाई को प्रस्तावित भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू के पुतला दहन का कार्यक्रम पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है।
अंकित तिवारी ने अपने बयान में कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में भाजपा नेताओं द्वारा श्रीरामचरितमानस और श्रीमद्भगवद्गीता के कथित अपमान का मामला सामने आया था। इस घटना के विरोध में उन्होंने भाजपा नेताओं को तीन दिन के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की चेतावनी दी थी। साथ ही घोषणा की थी कि यदि निर्धारित समय में माफी नहीं मांगी गई तो 23 जुलाई को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू का पुतला दहन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इस पूरे प्रकरण में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। इसके बाद हिन्दू समाज पार्टी ने अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय लिया।
अंकित तिवारी ने कहा कि सार्वजनिक माफी के बाद आंदोलन जारी रखने का कोई औचित्य नहीं रह गया है, इसलिए संगठन ने अपना कार्यक्रम वापस ले लिया है।


