29.9 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

नेटवर्क मार्केटिंग की आड़ में 100 करोड़ की ठगी का खुलासा

Must read

 

60 हजार लोग बने शिकार; 6 आरोपी गिरफ्तार

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर देश के हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह ने उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के करीब 60 हजार लोगों से लगभग 100 करोड़ रुपये की ठगी की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ‘विन मेकर’ और ‘धनवंतरी आयुर्वेदा’ के नाम से नेटवर्क संचालित कर रहे थे। गिरोह बेरोजगार युवाओं और नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को हर महीने 20 से 25 हजार रुपये की आय का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। सदस्य बनने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से 15 हजार से 30 हजार रुपये तक वसूले जाते थे।

ठगी को वैध कारोबार का रूप देने के लिए लोगों को आयुर्वेदिक किट उपलब्ध कराई जाती थी और उन्हें नए सदस्य जोड़ने पर मोटा कमीशन मिलने का झांसा दिया जाता था। पिरामिड चेन सिस्टम के जरिए लगातार नए लोगों को जोड़कर करोड़ों रुपये का नेटवर्क खड़ा किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में करीब 100 ट्रेनिंग सेंटर खोल रखे थे, जहां लोगों को अधिक से अधिक सदस्य जोड़ने और नेटवर्क बढ़ाने की ट्रेनिंग दी जाती थी। इसी माध्यम से हजारों लोगों को निवेश और कमाई के सपने दिखाकर ठगी का शिकार बनाया गया।

हनुमंत विहार थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी की रकम के लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य राज्यों में फैले तारों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर पीड़ितों की संख्या और ठगी की रकम दोनों बढ़ सकती हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article