नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर संसद मार्च के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता विजेता दहिया (Vijeta Dahiya) का बर्गर खाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने उनके खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। CJP ने विजेता दहिया को मुख्य प्रवक्ता के पद से हटा दिया है। साथ ही उन्हें पार्टी के सभी आधिकारिक दायित्वों से भी मुक्त कर दिया गया है।
CJP ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए विजेता दहिया के व्यवहार की कड़ी निंदा की। पार्टी ने कहा कि उनके वीडियो उस समय सामने आए, जब शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और पार्टी की टीम पुलिस की कार्रवाई का सामना कर रही थी। पार्टी ने अपने बयान में कहा कि इस तरह का आचरण बेहद असंवेदनशील और पूरी तरह अस्वीकार्य है। यह विवेक की कमी को दर्शाता है और CJP के आंदोलन के मूल्यों एवं सिद्धांतों के बिल्कुल विपरीत है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि इसी वजह से विजेता दहिया को मुख्य प्रवक्ता पद से हटाने का फैसला लिया गया है।
गौरतलब है कि CJP नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कार्रवाई की और कई लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी बात सामने आई।
विजेता दहिया के बर्गर खाते हुए वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई। CJP के कुछ समर्थकों के साथ-साथ विपक्षी नेताओं ने भी उनके व्यवहार पर सवाल उठाए। आलोचकों ने कहा कि जब पार्टी कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी विरोध के दौरान पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उस समय इस तरह का व्यवहार असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
शिवसेना (UBT) की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी विजेता दहिया पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाए थे। अब पार्टी की कार्रवाई के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।


