बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी दौरे के दौरान 542.41 करोड़ रुपये की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। रामनगर के महादेवा में लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर की आधारशिला रखने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सनातन, विकास और कानून-व्यवस्था को सरकार की प्राथमिकता बताया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “जब तक सनातन सुरक्षित है, तब तक हम सब सुरक्षित हैं। जिस दिन सनातन पर खतरा आएगा, कोई भी सुरक्षित नहीं रहेगा और समाज को बांटने वालों की बोलती भी बंद हो जाएगी।” उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार काशी, विंध्याचल, नैमिषारण्य और लोधेश्वर धाम सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास करा रही है।
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में कब्रिस्तानों के विकास पर जोर दिया गया, जबकि उनकी सरकार सनातन विरासत, धार्मिक स्थलों और विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि बाराबंकी को पहले केवल वोट बैंक समझा गया, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे राज्य राजधानी क्षेत्र से जोड़कर विकास की नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण और जातीय राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने देश और सनातन के लिए योगदान देने वाले महापुरुषों को सम्मान देने का काम किया है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर को काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित किए जाने की बात दोहराई और कहा कि महादेवा क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की कई ऐतिहासिक विभूतियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।


