32.8 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

22 दिन की मासूम को छोड़ विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, घर में मचा कोहराम

Must read

शमशाबाद के घटियापुर मोहल्ले की हृदयविदारक घटना, सीओ कायमगंज व फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
शमशाबाद/फर्रुखाबाद। नगर पंचायत शमशाबाद के मोहल्ला घटियापुर में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। महज 22 दिन पहले बेटी को जन्म देने वाली 25 वर्षीय विवाहिता ने अपने कमरे के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि नवजात बच्ची के सिर से जन्म के कुछ ही दिनों बाद मां का साया उठ गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी कायमगंज तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला घटियापुर निवासी इबरार की पत्नी शबनम (25 वर्ष) का विवाह 23 जून 2025 को हुआ था। विवाह के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था और करीब 22 दिन पूर्व शबनम ने एक पुत्री को जन्म दिया था। परिवार नवजात के आगमन का जश्न मना ही रहा था कि रविवार रात यह दर्दनाक घटना हो गई।
बताया गया कि रविवार देर रात शबनम अपने कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने दरवाजा खोलकर देखा तो शबनम दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। मृतका के ससुर हसीनुद्दीन फारूकी ने कायमगंज के मोहल्ला गढ़ी नूर निवासी मृतका के पिता मोहम्मद फारूकी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग रात में ही शमशाबाद पहुंच गए। सोमवार सुबह मृतका के पिता ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना पर थाना प्रभारी सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। अधिकारियों के निर्देश पर शाम करीब पांच बजे पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सबसे मार्मिक दृश्य 22 दिन की उस नवजात बच्ची का रहा, जिसने जन्म के कुछ ही दिनों बाद अपनी मां को हमेशा के लिए खो दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article