29.9 C
Lucknow
Tuesday, July 21, 2026

22 जुलाई से शुरू होगा खुरपका-मुंहपका रोग टीकाकरण अभियान, चार लाख पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए 22 जुलाई से 8 सितंबर तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत संचालित इस अभियान में जिले के लगभग चार लाख गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए पशुपालन विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी सात विकास खंडों में संचालित 25 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से टीकाकरण कार्य किया जाएगा। पशु चिकित्साधिकारी एवं पशुधन प्रसार अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमें गांव-गांव जाकर पात्र पशुओं को टीका लगाएंगी।
उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक पशु रोग है, जिससे पशुधन की उत्पादकता प्रभावित होती है और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पशुओं को इस बीमारी से सुरक्षित करना है। इसके लिए विभाग ने क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार की है और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक गांव में पहुंचकर टीकाकरण कराया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे विभागीय टीमों का पूरा सहयोग करें तथा अपने सभी पात्र गोवंश और महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र पशु को टीकाकरण से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और अभियान की जानकारी संबंधित क्षेत्रों में पहले से उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके। विभाग का उद्देश्य पशुधन को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखते हुए पशुपालकों की आजीविका और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत बनाना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article