लाठी-डंडे व बेलचे से हमला; एक ही परिवार के चार घायल
कमालगंज, फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के फतेहउल्लाहपुर गांव में रविवार सुबह पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि आधा दर्जन लोगों ने एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे के बेलचे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके परिजनों पर भी हमलावरों ने हमला बोल दिया, जिससे एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल सुनील पुत्र श्यामलाल ने बताया कि वह रविवार सुबह बच्चों के लिए गांव की दुकान से बिस्किट खरीदने गए थे। इसी दौरान पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर गांव के करीब आधा दर्जन लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ लोहे के बेलचे से भी वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुनील को बचाने के लिए उनके भाई विनोद कुमार, विनोद की पुत्री मधु तथा पत्नी गुड्डी मौके पर पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने चारों के साथ जमकर मारपीट की, जिससे सभी घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब जाकर हमलावर वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राम सहाय सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


