लखनऊ। ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के प्रस्ताव पर व्यापक विचार-विमर्श के लिए मंगलवार को राजधानी लखनऊ के ताज होटल में संसद की संयुक्त समिति (जेपीसी) की महत्वपूर्ण बैठक जारी रही। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सांसदों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने-अपने सुझाव और पक्ष रखे।
बैठक में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
विपक्ष की ओर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी.एल. पुनिया, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव और माता प्रसाद पांडेय, एआईएमआईएम के आसिम वकार तथा बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के प्रस्ताव पर विभिन्न राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और हितधारकों के विचार जानना और सुझाव प्राप्त करना है। समिति देशभर में अलग-अलग राज्यों में बैठकें कर इस प्रस्ताव के संवैधानिक, प्रशासनिक और व्यावहारिक पहलुओं पर राय जुटा रही है।


