– दस्तावेज पेश करने के लिए कल तक का समय
अयोध्या। राम धन गबन मामले में आरोपी लवकुश की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए ) ने उनके निर्माणाधीन मकान को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। प्राधिकरण की टीम ने निर्माणाधीन भवन पर नोटिस चस्पा कर संबंधित पक्ष को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए अंतिम अवसर दिया है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी निर्माण की वैधता और स्वीकृत मानचित्र से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई संतोषजनक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद अब अंतिम नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया गया है कि संबंधित पक्ष को कल तक सभी आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने होंगे।
बताया जा रहा है कि यह निर्माण लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम से जुड़ा है। प्राधिकरण का कहना है कि पूर्व में जारी नोटिसों के बावजूद न तो स्वीकृत नक्शा और न ही निर्माण से संबंधित अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। इसी कारण अंतिम नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।
एडीए ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा तक आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसमें अवैध निर्माण के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि राम धन गबन मामला पहले से ही चर्चा में है और जांच एजेंसियां इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। इसी बीच निर्माणाधीन भवन को लेकर विकास प्राधिकरण की कार्रवाई ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।


