– आवागमन पूरी तरह बंद
बहराइच। जिले में करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से बने जरवल ओवरब्रिज में एक बार फिर दरार आने से निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह इस पुल में तीसरी बार दरार आने की घटना है, जिसके बाद एहतियातन प्रशासन ने ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ हाईवे स्थित जरवल ओवरब्रिज का निर्माण PNC कंपनी द्वारा कराया गया था। यह पुल 28 अगस्त 2018 को बनकर तैयार हुआ था, लेकिन कुछ ही वर्षों में बार-बार दरारें सामने आने से इसकी मजबूती और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
दरार की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा को देखते हुए पुल पर यातायात रोक दिया। फिलहाल सभी छोटे-बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी और समय का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी पुल में दरारें आने की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। अब तीसरी बार दरार आने के बाद लोगों में पुल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


