कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र में दर्ज गौकशी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ पाल चौराहा चौकी क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गौकशी के मुकदमे में वांछित आरोपी बड़ंका पुत्र आजाद बहापुर मोड़ की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 9 जुलाई 2026 को बीट आरक्षी मोनू कुमार की तहरीर पर सदर कोतवाली में मु0अ0सं0 392/2026 के तहत गोवध अधिनियम की धाराओं 3/5/8 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में मन्ना, बड़ंका, इरशाद उर्फ सुल्ताना समेत अन्य आरोपियों को नामजद किया गया था। जांच के दौरान मुस्तबील, रिजवान और सादिक उर्फ शाहिद के नाम भी सामने आए।
पुलिस अब तक इरशाद उर्फ सुल्ताना, मन्ना और मुस्तबील को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं 9 जुलाई को हुई एक अन्य पुलिस मुठभेड़ में सादिक उर्फ शाहिद भी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार हुआ था, जबकि बड़ंका मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके विरुद्ध भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।


