फर्रुखाबाद। शिकोहाबाद–फर्रुखाबाद रेलखंड पर स्थित रेलवे अंडर ब्रिज (RUB-86) को मरम्मत कार्य के चलते 13 जुलाई 2026 से अगली सूचना तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य), फिरोजाबाद कार्यालय ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सूचना दी है।
रेलवे के पत्र के अनुसार, रेल किलोमीटर 1315/4-5 पर स्थित RUB-86, जो बायपास मार्ग को जोड़ता है, पर वियरिंग कोट का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस दौरान पुराने वियरिंग कोट को हटाया जाएगा, जिससे अंडरपास से आवागमन सुरक्षित नहीं रहेगा। यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य ट्रैक की सुरक्षा और अंडरपास की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। निर्माण कार्य को लगभग 25 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य पूर्ण होते ही अंडरपास को आम जनता के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा।
रेलवे ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) का उपयोग करने की सलाह दी है। इस अवधि में स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की स्थिति न बने।
रेलवे प्रशासन ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारियों को भी पत्र भेजकर आवश्यक यातायात व्यवस्था और जनसामान्य को सूचना उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।


