34.5 C
Lucknow
Friday, July 10, 2026

डायवर्जन का फायदा उठाकर मनमानी कर रहे ऑटो-टेंपो चालक

Must read

अतिरिक्त किराया मांगने पर यात्रियों से विवाद, महिलाओं से अभद्रता का भी आरोप
फर्रुखाबाद। शकुरुल्लापुर रेलवे क्रॉसिंग के निकट ओवरब्रिज के संपर्क मार्ग की मरम्मत के चलते फर्रुखाबाद-दिल्ली मुख्य मार्ग पिछले तीन दिनों से बंद है। यातायात को डायवर्ट किए जाने से जहां लोगों को लंबा सफर तय करना पड़ रहा है, वहीं कुछ ऑटो और टेंपो चालक भी इसका फायदा उठाकर यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने लगे हैं। अतिरिक्त किराया मांगने को लेकर आए दिन यात्रियों और चालकों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है।
प्रशासन द्वारा वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जा रहा है। इसी मार्ग पर लोकल ऑटो और टेंपो भी संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि कुछ चालक बढ़ी हुई दूरी का हवाला देकर निर्धारित किराए से अधिक वसूली कर रहे हैं। विरोध करने पर यात्रियों से गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार तक किया जा रहा है।
शुक्रवार को फैजबाग चौराहे पर हुआ विवाद
शुक्रवार को फर्रुखाबाद से कायमगंज जा रहा एक ऑटो यात्रियों को लेकर डायवर्जन मार्ग से फैजबाग चौराहे पर पहुंचा। गंतव्य पर पहुंचने के बाद चालक ने प्रति सवारी 50 रुपये किराया मांगा। इस पर यात्रियों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इसी मार्ग का किराया पहले 40 रुपये लिया जाता था। अचानक 10 रुपये बढ़ाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया।
किराए को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान चालक और यात्रियों के बीच गाली-गलौज हुई। कुछ महिला यात्रियों ने भी चालक पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
यात्रियों का कहना है कि अधिकांश लोगों को डायवर्जन की पूरी जानकारी नहीं है। ऐसे में लंबा रास्ता तय करना उनकी मजबूरी है। उनका कहना है कि यदि दूरी बढ़ी है तो प्रशासन की ओर से किराया तय किया जाना चाहिए, लेकिन मनमाने ढंग से किराया बढ़ाना और विरोध करने पर अभद्रता करना गलत है।
लगातार सामने आ रही हैं शिकायतें
स्थानीय लोगों के अनुसार ओवरब्रिज बंद होने के बाद से पिछले तीन दिनों में इस तरह की कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। डायवर्जन के कारण पहले ही लोगों का समय और पैसा अधिक खर्च हो रहा है, ऊपर से कुछ वाहन चालकों की मनमानी यात्रियों की परेशानी और बढ़ा रही है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
क्षेत्रीय लोगों और यात्रियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शकुरुल्लापुर ओवरब्रिज के मरम्मत कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए ताकि मुख्य मार्ग जल्द शुरू हो सके। साथ ही डायवर्जन अवधि के लिए ऑटो और टेंपो का किराया निर्धारित कर सख्ती से लागू कराया जाए तथा मनमानी वसूली और अभद्र व्यवहार करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article