36.6 C
Lucknow
Friday, July 10, 2026

100 अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं अनुरक्षण का कार्य जारी

Must read

– नई योजना के तहत नियमित होगी साफ-सफाई

फर्रुखाबाद। जनपद में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत विकसित किए गए अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं नियमित अनुरक्षण का कार्य लगातार जारी है। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) के परियोजना निदेशक कपिल कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी अमृत सरोवरों की उपयोगिता एवं सौंदर्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 के दौरान जनपद में कुल 100 अमृत सरोवरों का निर्माण कराया गया था। इनमें 75 अमृत सरोवर ग्राम पंचायत स्तर, 20 क्षेत्र पंचायत स्तर, 4 जिला पंचायत स्तर तथा 1 अमृत सरोवर लघु सिंचाई विभाग द्वारा विकसित किया गया।

परियोजना निदेशक ने बताया कि निर्माण के बाद से प्रत्येक वर्ष ग्राम पंचायतों द्वारा अमृत सरोवरों की नियमित साफ-सफाई एवं अनुरक्षण कराया जाता रहा है। साथ ही शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), गांधी जयंती (2 अक्टूबर), विश्व पर्यावरण दिवस तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे राष्ट्रीय एवं विशेष अवसरों पर इन सरोवरों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों के फोटोग्राफ एवं विवरण भी समय-समय पर शासन को भेजे जाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कुछ अमृत सरोवरों पर मौसमी कारणों से हल्की झाड़ियां एवं घास उग आई हैं, जिनकी ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई कराई जा रही है। इन कार्यों की प्रगति का अभिलेखीकरण भी किया जा रहा है।
कपिल कुमार ने बताया कि वर्तमान में मनरेगा योजना के स्थान पर “विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण)” लागू किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके कारण मनरेगा के माध्यम से कराए जाने वाले कार्यों का समापन कर दिया गया है, जिससे कुछ समय के लिए अमृत सरोवरों के अनुरक्षण कार्य प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नई योजना की गाइडलाइन जारी होने के बाद आवश्यकतानुसार अमृत सरोवरों की साफ-सफाई, संरक्षण एवं अनुरक्षण का कार्य नियमित रूप से कराया जाएगा, ताकि इन जलाशयों की उपयोगिता, पर्यावरणीय महत्व और सौंदर्य लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके। जिला प्रशासन ने अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article