देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के कई हिस्सों में सड़क संपर्क बाधित होने से आवागमन प्रभावित है।
मौसम विभाग के अनुसार, काशीपुर में सर्वाधिक 206 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। लगातार बारिश के चलते प्रदेशभर में 107 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें चमोली, टिहरी और कुमाऊं मंडल के कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं, जहां मलबा और चट्टानें गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़कों को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 24 घंटे प्रदेश के लिए बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं।
खराब मौसम को देखते हुए एहतियातन 10 जिलों में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से आदेशों का पालन करने की अपील की है।
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दलों की तैनाती की गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों और चारधाम यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा केवल प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सलाह का पालन करें।


