अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण के बीच उठ रहे सवालों और अटकलों पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देवगिरी ने पूर्व महासचिव चंपत राय से मुलाकात के बाद कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं, किसी प्रकार के आक्रोश में नहीं हैं और ट्रस्ट के प्रत्येक निर्णय के साथ मजबूती से खड़े हैं।
गोविंद देवगिरी ने बताया कि मुलाकात के दौरान चंपत राय के स्वास्थ्य, ट्रस्ट की कार्यप्रणाली, राम मंदिर की व्यवस्थाओं और हाल के घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए उठाए जा रहे सभी कदमों में चंपत राय का पूरा सहयोग और समर्थन है।
उधर, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच भी तेजी से जारी है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी की रकम को पहले परिचितों और रिश्तेदारों के बैंक खातों में भेजा जाता था, फिर अलग-अलग लेनदेन के जरिए वापस मंगाया जाता था, ताकि धन के वास्तविक स्रोत को छिपाया जा सके। पुलिस ने आरोपियों को उस स्थान पर भी ले जाकर घटनाक्रम का सत्यापन कराया, जहां कथित रूप से रकम का बंटवारा किया जाता था।
ट्रस्ट के इस बयान को हालिया विवाद के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि चंपत राय और ट्रस्ट के बीच किसी प्रकार का मतभेद नहीं है, जबकि चढ़ावा प्रकरण की जांच अपनी प्रक्रिया के अनुसार जारी रहेगी।


