33.5 C
Lucknow
Thursday, July 9, 2026

झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तीन दिन से जारी वर्षा से शहर में जलभराव

Must read

 

फर्रुखाबाद। जनपद में गुरुवार को भी बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा। पिछले तीन दिनों से हो रही वर्षा ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। गुरुवार सुबह करीब सात बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। दूसरी ओर किसानों ने इस बारिश को धान की खेती के लिए बेहद लाभकारी बताया है।

जिले में मंगलवार से मौसम ने करवट ली थी। पहले हल्की बूंदाबांदी हुई और आसमान में बादल छाए रहे। बुधवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही और रात में भी वर्षा का सिलसिला जारी रहा। गुरुवार सुबह से तेज बारिश शुरू होने के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंडी हवाओं और लगातार हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।

बारिश के कारण शहर के आवास विकास, नेकपुरकला, फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग सहित कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। प्रमुख बाजारों और सड़कों पर भी पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई और सड़कें तालाब जैसी दिखाई दीं।

वहीं अमृतपुर, कायमगंज, नवाबगंज, शमशाबाद और मोहम्मदाबाद सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है। किसानों का कहना है कि यह वर्षा धान की रोपाई के लिए अत्यंत लाभदायक है। किसान सुरजीत और सुधीर ने बताया कि लगातार बारिश से सिंचाई की लागत कम होगी और फसल की बढ़वार अच्छी होगी।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, जबकि किसानों को मौसम का लाभ उठाकर कृषि कार्य समय पर पूरा करने की सलाह दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article