– स्थानीय लोगों ने घायलों को एम्बुलेंस से भेजा सीएचसी
गुरसहायगंज, कन्नौज। तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बर्फ की ठेली में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बर्फ विक्रेता सहित दो लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे में एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
कस्बा निवासी रामनिवास उर्फ पप्पू चौरसिया (55) पुत्र स्व0 रामसनेही जीटी रोड पर पीपल के पेड़ के नीचे बर्फ की ठेली लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविवार दोपहर करीब एक बजे तिलपई गांव निवासी विमल पुत्र फूलचंद कटियार ने तेज गति से ट्रैक्टर ट्राली चलाते हुए अनियंत्रित होकर बर्फ की ठेली में टक्कर मार दी। इससे रामनिवास उर्फ पप्पू व ठेली के पास खडे़ ग्राम गढ़िया कछपुरा निवासी बादाम सिंह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बादाम सिंह की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रैक्टर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा और बर्फ की ठेली उसके नीचे दब गई। पास में खड़ी एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 व जसोदा चौकी पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर ट्राली को हटवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने बर्फ की ठेली में मारी टक्कर, दो घायल


