40.9 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

अन्नप्राशन समारोह में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 13 घायल; तीन जिला अस्पताल रेफर

Must read

मोहम्मदाबाद: थाना क्षेत्र के नगला चूड़ा निवासी नितिन कुमार के तीन वर्षीय पुत्र देवांश के अन्नप्राशन संस्कार के अवसर पर परिजन एवं रिश्तेदार नीम करौरी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर करीब 80 लोग दोपहर लगभग एक बजे घर से निकले थे। जैसे ही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नगला मिढ़ई के पास पहुंची, तभी सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई।
ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों सहित लगभग 35 से 40 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 और डायल-108 को सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भिजवाया।
सीएचसी में तैनात डॉ. सन्नी मिश्रा ने प्राथमिक उपचार के बाद मीना (50 वर्ष) पत्नी शिवनारायण निवासी नगला राही थाना राजेपुर, बबली (35 वर्ष) पत्नी शिवशंकर निवासी नगला चूड़ा तथा सुरेखा (11 वर्ष) पुत्री गुड्डू निवासी अनियापुर थाना अरवल को गंभीर चोटें होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं अंजली (18), चांदनी (15), कुशमा (40), मनोरमा (16), गुंजन (18), दिव्यांशी (17), रजनी (19), कीर्ति (16), रानी (15) तथा नेहा (13) का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article